वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) और वाराणसी नगर निगम (वीएनएन) ने बरेका टाउनशिप में वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ठोस अपशिष्ट प्रबंधन लागू करने के लिए दो महत्वपूर्ण सेवा समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में हुए इस समझौते के तहत वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट का बायो-रेमेडिएशन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और सुरक्षित निस्तारण किया जाएगा। साथ ही एक वर्ष की अवधि के लिए टाउनशिप से प्रतिदिन निकलने वाले ठोस कचरे का संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक प्रसंस्करण भी नगर निगम करेगा।

बरेका निर्धारित डस्टबिनों में कचरा एकत्र करेगा, जबकि नगर निगम तय मासिक सेवा शुल्क पर उसके उठान और निस्तारण की जिम्मेदारी निभाएगा। यह पहल जीरो-लैंडफिल लक्ष्य, पर्यावरणीय मानकों के पालन तथा स्वच्छ, हरित और सतत वाराणसी के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दोनों संस्थानों ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में बरेका और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






