गाजीपुर । जनपद के गहमर थाना क्षेत्र के रामपुर घाट से मंगलवार देर रात पशुओं से लदी दो नावों का पीछा कर उन्हें मुबारकपुर घाट के पास पकड़ लिया गया। करीब 18 किलोमीटर पीछा करने के दौरान गंगा के बीच तीनों नावों में टक्कर हो गई, जिसमें पीछा कर रहा नाविक घायल हो गया।
टक्कर के बाद दोनों नावों पर सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर नदी में कूदकर फरार हो गए।पुलिस ने दोनों नावों को कब्जे में लेकर करीब 60 पशुओं को बरामद किया। सभी पशुओं को सुरक्षित गौ आश्रय भेज दिया गया है। बताया गया कि रात करीब 11 बजे रामपुर घाट के पास एक नाविक ने पशुओं से लदी दो नावों को जाते देखा था।
संदेह होने पर उसने पीछा शुरू किया। रात करीब एक बजे मुबारकपुर घाट के पास हादसा हुआ। घायल नाविक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों नावों को शेरपुर घाट पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। पुलिस नावों के स्वामियों और पशुओं के स्रोत व गंतव्य की जांच में जुटी है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









