चन्दौली। /मिर्जामुराद युवा दिवस के अवसर पर सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर में युवाओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों युवाओं, बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के देशभक्ति के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।

यात्रा के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से बचाने तथा गांव में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया। युवाओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवा ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक कार्यों में लगाना जरूरी है।
आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चों और किशोरियों तथा किशोरी सिलाई केंद्र की छात्राओं ने तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है, इसलिए उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में श्याम सुंदर मास्टर, अनीता, सोनी, अरविंद, मनीष, आलोक पंचमुखी, सुनील, मनीषा, सीमा, विद्या, शमा बानो, आशीष, मंजीता, मधुवन, शिवकुमार सहित लोक समिति कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।









