वाराणसी। 12 अगस्त 2026 बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को बरेका इंटर कॉलेज में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन और विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक कुमार माहेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में कक्षा 6 से 12 तक के करीब 800 विद्यार्थियों एवं समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
करीब 400 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर का चक्रमण करते हुए पुनः प्रार्थना स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में राष्ट्रध्वज थामे विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ सहित विभिन्न देशभक्ति नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। ‘मैडम भीखाजी कामा अमर रहें’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ तथा ‘सरदार भगत सिंह अमर रहें’ के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।

यात्रा का संचालन शारीरिक शिक्षा अध्यापक श्री चंद्र मोहन यादव ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रबल करने का संदेश दिया गया।








