वाराणसी। बीएलडब्ल्यू रोड स्थित ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी अब जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने पोखरी का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे पुनरुद्धार कार्यों का जायजा लिया।

करीब 1.5 बीघा क्षेत्रफल में फैली इस बेशकीमती सरकारी संपत्ति को 38 वर्षों से चले आ रहे विवाद के बाद नगर निगम ने अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। अब पोखरी को सुंदर, हरे-भरे पर्यटन केंद्र और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने की योजना है।

पोखरी को उसके मूल स्वरूप में लौटाने के लिए नगर निगम की ओर से युद्धस्तर पर सफाई और गहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। मौके पर जेसीबी, पोकलैंड, डंपर और हाइवा मशीनों से कूड़ा-कचरा हटाने तथा पोखरी को गहरा करने का काम जारी है।

अधिकारियों के अनुसार पुनरुद्धार के बाद यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान अतुल पांडे समेत नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








