चन्दौली। /डीडीयू नगर उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश चन्द्र ने प्रेस वार्ता में भाजपा पर आदिवासी समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पहचान, संस्कृति, गौरवशाली विरासत, सम्मान और अधिकारों का महत्वपूर्ण अवसर है, लेकिन भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने आदिवासी समाज को शुभकामनाएं देना तक जरूरी नहीं समझा।

डॉ. उमेश ने दावा किया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्री जुएल ओरांव सहित भाजपा के अधिकांश आदिवासी सांसदों ने इस अवसर पर बधाई नहीं दी। उन्होंने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी आदिवासी दिवस की उपेक्षा का आरोप लगाया।

उन्होंने लखनऊ में आयोजित आदिवासी दिवस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के शामिल न होने को भी आदिवासी समाज का अपमान बताया। डॉ. उमेश ने कहा कि भाजपा को आदिवासियों की याद केवल चुनाव के समय आती है। उन्होंने जल-जंगल-जमीन, रोजगार, शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि आदिवासी समाज अपनी पहचान और सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।






