वाराणसी । 14 अगस्त 2026 राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मलदहिया में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने बालिकाओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर जनपद में अभियान का शुभारंभ किया। विद्यालय की सभी उपस्थित छात्राओं को भी दवा दी गई।
सीएमओ ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इससे कमजोरी, कुपोषण और एनीमिया की समस्या होने के साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। नियमित कृमि मुक्ति से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सीखने की क्षमता में सुधार होता है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि जनपद में करीब 9 लाख 50 हजार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। अभियान में विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालय न जाने वाले बच्चों और ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल दी जाती है। 14 अगस्त को दवा खाने से वंचित रह गए बच्चों के लिए 18 अगस्त को मॉप-अप राउंड आयोजित होगा। अधिकारियों ने अभिभावकों से स्वच्छता अपनाने और बच्चों को कृमि मुक्ति अभियान में अवश्य शामिल कराने की अपील की।






