Search
Close this search box.

धभारतीय मजदूर संघ का वाराणसी में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

वाराणसी । भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय आह्वान पर सोमवार को वाराणसी में श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। शास्त्री घाट, वरुणा पुल से जिला मुख्यालय तक निकाले गए विरोध जुलूस में सैकड़ों संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने गगनभेदी नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री, श्रम मंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने किया। जिलाध्यक्ष राजीव सिंह की अध्यक्षता और विभाग प्रमुख राकेश पांडेय के संचालन में हुए कार्यक्रम में डॉ. दूधनाथ, रामकृष्ण गुप्ता, विकास केसरी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बीएलडब्ल्यू, बैंक, विद्युत, परिवहन, स्वास्थ्य, भेल, राजकीय मुद्रणालय, आशा, आंगनवाड़ी, पोस्टल, चिकित्सा, ऑटो रिक्शा एवं रेहड़ी-पटरी क्षेत्र के कर्मचारियों ने भागीदारी की।

प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करने, बोनस सीलिंग 18 हजार रुपये, ईएसआईसी सीमा 42 हजार और ईपीएफ सीमा 30 हजार रुपये करने, बैंकिंग में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, समान कार्य-समान वेतन, ग्रेच्युटी सीमा 40 लाख रुपये करने तथा संविदा, योजना एवं अनुबंध कर्मियों को नियमित करने की मांग शामिल रही।

संगठन ने भर्ती पर लगे प्रतिबंध हटाकर रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर राय ने समापन की घोषणा की।

Leave a Comment

और पढ़ें