Search
Close this search box.

पत्नी से विवाद के बीच युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

मिर्जापुर । नगर के झवागढ़ की गली में सोमवार दोपहर करीब एक बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब अलमारी कारोबारी अनिल कुमार केसरा के पुत्र अश्वनी केसरा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आत्महत्या की वजह को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतक के पिता के अनुसार, अश्वनी का पत्नी से करीब तीन वर्षों से विवाद चल रहा था और मामला मिर्जापुर न्यायालय में भी विचाराधीन था। पिता ने बताया कि दंपती के विवाद के कारण अश्वनी अपने बच्चे से मिलने को लेकर भी परेशान रहता था।

परिजनों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत के दौरान कथित रूप से गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बनी थी, जिससे अश्वनी मानसिक रूप से आहत था। परिवार का दावा है कि उसने रिश्ते को बचाने और पत्नी को मनाने का प्रयास भी किया था।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें