गाजीपुर । 17 अगस्त 2026 गरीबों और जरूरतमंदों तक पारदर्शी तरीके से राशन पहुंचाने तथा उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के 78 हजार उचित दर विक्रेताओं का कमीशन अब 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। सोमवार को इस योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में गाजीपुर राइफल क्लब में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में डिजिटल प्रणाली और पॉइंट ऑफ सेल (PoS) व्यवस्था के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सुगम एवं पारदर्शी राशन वितरण की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि PoS मशीन के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे कालाबाजारी और वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। कमीशन बढ़ाए जाने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और राशन वितरण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, विभागीय अधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। विक्रेताओं ने सरकार के निर्णय पर आभार जताया।
रिपोर्टिंग ब्यूरो संजय यादव।







