Search
Close this search box.

श्रावण की तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

बलिया । रसड़ा श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर रसड़ा नगरी पूरी तरह भक्तिमय नजर आई। वाराणसी के बाद ‘छोटी काशी’ के नाम से विख्यात रसड़ा के प्राचीन लखनेश्वर डीह किला परिसर और सिद्धपीठ श्रीनाथ बाबा मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों भक्त गंगाजल, बेलपत्र, दूध, भांग और पुष्प लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े रहे।

श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद भक्तों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। तीसरी सोमवारी के विशेष महत्व को देखते हुए दूर-दराज क्षेत्रों से कांवड़ियों के जत्थे भी रसड़ा पहुंचे और शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया।

भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति ने सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतारबद्ध दर्शन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे भक्तों को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Comment

और पढ़ें