वाराणसी । 18 अगस्त 2026 रेल संरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने बुधवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ कप्तानगंज-थावे रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान बोदरवार, लक्ष्मीगंज, रामकोला, बड़हरागंज, पडरौना, कठकुईयां, दुदही, तमकुही रोड, तरयासुजान और सासामूसा स्टेशनों सहित दो समपार फाटकों एवं पडरौना रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया गया।

डीआरएम ने स्टेशनों पर पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, संरक्षा उपकरण, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, सर्कुलेटिंग एरिया और साफ-सफाई की स्थिति परखी। उन्होंने अधिकारियों को शुद्ध पेयजल, स्वच्छ वातावरण और बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


बोदरवार में दोहरीकरण एवं क्षमता विस्तार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा। समपार संख्या 99बी1 और 70सी पर संरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर गेटमैनों का संरक्षा ज्ञान परखा गया।


पडरौना स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों तथा रेलवे कॉलोनी में पेयजल और जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया गया। तमकुही रोड व सासामूसा में यात्री सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए गए। डीआरएम ने अधिकारियों से रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास एवं अनुरक्षण कार्यों को टीम भावना से पूरा करने को कहा।






