दुल्हीपुर । सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों के निस्तारण के लिए बुधवार को संयुक्त राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। टीम ने प्रभावित क्षेत्र में दोबारा पैमाइश कर यह आकलन किया कि प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में कितनी भूमि और निर्माण आ रहे हैं।

जांच के दौरान लेखपाल सलामन खान, पंकज सिंह, सुजीत यादव, राजस्व निरीक्षक राजेश यादव, पीएल टीम के जेई आर.के. चौहान और एप्को (APCO) की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की आपत्तियों को मौके पर देखा और संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया।
पैमाइश के दौरान कई स्थानों पर टीम घरों के अंदर तक पहुंची और भूमि व निर्माण की वास्तविक स्थिति को चिह्नित किया। अधिकारियों ने दोबारा नाप-जोख कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि सड़क चौड़ीकरण में प्रभावित होने वाले हिस्से का सही आकलन हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर दोबारा पैमाइश होने से उन्हें उम्मीद है कि उनकी आपत्तियों का निस्तारण वास्तविक स्थिति के आधार पर किया जाएगा। वहीं, अधिकारियों की कार्रवाई का उद्देश्य प्रभावित भूमि और निर्माण के आधार पर मुआवजा निर्धारण में किसी तरह की विसंगति को दूर करना है। संयुक्त टीम की जांच के बाद अब आपत्तियों के निस्तारण और मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।






