गाजीपुर । जनपद के अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानियां पुलिस ने एक युवक को पांच पेटी देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बड़ेसर नहर तिराहा के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध शराब लेकर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने डिग्री-इलाचीपुर नहर रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर रोहित कुमार पुत्र मुन्ना चौधरी, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी सिया पोखर, थाना मोहनिया, जनपद भभुआ (बिहार) को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से पांच पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में कुल 225 पाउच थे, प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस प्रकार कुल 45 लीटर शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब की दुकान से खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने थाना जमानियां में मुकदमा संख्या 281/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।






