Search
Close this search box.

हर हर महादेव के उद्घोष संग निकली द्वादश ज्योतिर्लिंग पदयात्रा, 200 से अधिक शिवभक्तों ने किया दर्शन-पूजन

वाराणसी । पवित्र श्रावण मास के अवसर पर श्री लाट भैरव काशी यात्रा मंडल के संयोजन में रविवार को द्वादश ज्योतिर्लिंग पदयात्रा निकाली गई। आयुष्य और मोक्ष की कामना से कज्जाकपुरा स्थित श्री कपाल मोचन कुंड पर संकल्प लेकर शिवभक्तों ने बाबा लाट भैरव का दर्शन-पूजन किया और यात्रा शुरू की।

त्रिपुंड लगाए, नंगे पांव और हाथों में जलपात्र लिए 200 से अधिक श्रद्धालु हर-हर महादेव, काशी विश्वनाथ और गंगे के जयघोष के साथ आगे बढ़े। यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

पदयात्रा जलालीपुरा, तेलियाना, हनुमान फाटक होते हुए छीत्तनपुरा स्थित ओंकारेश्वर, महामृत्युंजय मंदिर के महाकालेश्वर व नागेश्वर, काशी करवत के भीमाशंकर, बांसफाटक के आदिविश्वेश्वर, हौजकटोरा के त्र्यंबकेश्वर, मानमंदिर घाट के रामेश्वर व सोमेश्वर, केदारघाट के केदारेश्वर, कमच्छा के घृष्णेश्वर, बैजनत्था के बैजनाथ और सिगरा टीला स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद संपन्न हुई।

आयोजक केवल कुशवाहा, शिवम अग्रहरि, विकास सेठ, पार्षद जितेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें