उन्नाव । पूरवा विधानसभा क्षेत्र के मां जालिपा देवी मंदिर परिसर में राष्ट्र उदय पार्टी के घोषित प्रत्याशी दिनेश राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में अति पिछड़ों के लिए अलग आरक्षण कोटा देने और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का सर्वे कराने की मांग उठाई गई।
राष्ट्र उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के प्रदेश संयोजक बाबूराम पाल ने कहा कि जनगणना में ओबीसी का जाति कॉलम शामिल न कर केंद्र सरकार ने वादा खिलाफी की है। उन्होंने जस्टिस रोहिणी आयोग की रिपोर्ट संसद में रखकर लागू करने की मांग की।
ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने कहा कि सरकार को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और भूमिहीनों को आवास जैसे संवैधानिक अधिकारों की गारंटी करनी चाहिए। इसके लिए कॉर्पोरेट संपत्ति पर टैक्स लगाने और काली पूंजी पर नियंत्रण कर संसाधन जुटाए जाएं।
सम्मेलन में राम आसरे पाल, के.के. पाल, रामानंद पाल, इंद्र पाल, उदय प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन राम सजीवन पाल ने किया।






