बलिया । गंगा बहुउद्देशीय सभागार में रविवार को पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग के सम्मान और हित के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अमूल्य है। सरकार ने अब पात्र रसोइयों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है।
कार्यक्रम का राज्यस्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किया, जिसका सीधा प्रसारण बलिया में भी हुआ। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली रसोइयों को सम्मानित किया गया और पात्र लाभार्थियों को चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्ड पाकर रसोइयों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, महिला आयोग सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, बीएसए मनीष कुमार सिंह समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।







