राजातालाब । ब्लॉक संसाधन केंद्र आराजी लाइन पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव की मौजूदगी में लखनऊ के इंदिरा भवन में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित रसोइया सम्मान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, दुर्घटना बीमा तथा कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ दिए जाने की घोषणा की गई। घोषणाओं से रसोइयों में खुशी का माहौल रहा।
इसके बाद मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एबीएसए शशिकांत श्रीवास्तव ने मानदेय वृद्धि पर रसोइयों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने रसोइयों से पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

कार्यक्रम में विभिन्न न्याय पंचायतों से सैकड़ों रसोइयों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह पटेल और खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने छह रसोइयों को प्रतीकात्मक चेक, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और साड़ी देकर सम्मानित किया। अध्यक्षता सुरेंद्र यादव ने की, जबकि संचालन अरविंद सिंह ने किया।






