वाराणसी । स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। फिटनेस न कराने और निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरने वाली 121 स्कूली बसों का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। संबंधित स्कूल प्रबंधनों को चेतावनी नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर बसों का फिटनेस कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में फिटनेस नहीं कराने पर बसों का पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा।
परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फिटनेस फेल बसों से बच्चों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न किया जाए। निलंबित पंजीयन वाली बसों से बच्चों को ले जाते पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
परिवहन कार्यालय में करीब 2,732 स्कूली बसें पंजीकृत हैं, जिनमें 212 बसों का फिटनेस फेल है। विभाग को आशंका है कि कुछ बसें फिटनेस फेल होने के बावजूद संचालित हो रही हैं। इसे देखते हुए अधिकारियों ने स्कूलों का स्थलीय निरीक्षण और निगरानी तेज कर दी है। बसों के दस्तावेज और फिटनेस की स्थिति भी जांची जा रही है।










