वाराणसी । यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने और रेल परिचालन में संरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने 30 अगस्त को नन्दगंज स्टेशन एवं यार्ड का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पेयजल एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीआरएम ने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, रिले रूम, एक्सल काउंटर, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, आई.पी.एस. रूम सहित विभिन्न उपकरणों की जांच की। उन्होंने संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों का भी अवलोकन किया तथा कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

नन्दगंज यार्ड में पॉइंट एवं क्रॉसिंग संख्या 204बी का निरीक्षण कर ट्रैक फिटिंग, स्विच रेल, स्टॉक रेल, चेक रेल एवं पॉइंट मशीन की स्थिति जांची गई। इसके अलावा गुड्स शेड, मालगोदाम कार्यालय और पी.वे. स्टोर का निरीक्षण करते हुए माल के सुरक्षित रख-रखाव, सुव्यवस्थित भंडारण और साफ-सफाई पर जोर दिया गया।

डीआरएम ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तकनीकी कमी को तत्काल दूर कर रेल परिचालन में पूर्ण सतर्कता बरती जाए।










