वाराणसी। दी सेंट्रल बार एसोसिएशन बनारस, वाराणसी के वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एडवोकेट समीर कुमार सिंह ने अधिवक्ताओं की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर अपना स्पष्ट विजन रखा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अध्यक्ष चुना जाता है तो वे अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
एडवोकेट समीर कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए उचित चेंबर व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही कचहरी परिसर में लाइब्रेरी, बिजली, पानी, साफ-सफाई और वाई-फाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि अधिवक्ता बेहतर ढंग से अपने कार्य कर सकें।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए मेडिकल स्वास्थ्य सेवाएं एवं फ्री मेडिकल इंश्योरेंस की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही अधिवक्ताओं को ₹10,000 मासिक पेंशन देने की व्यवस्था लागू होनी चाहिए। उम्रदराज अधिवक्ताओं के लिए भारत सरकार की ओर से पेंशन व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
एडवोकेट समीर कुमार सिंह ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम जल्द से जल्द लागू होना चाहिए, जिससे अधिवक्ताओं को कानूनी सुरक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि वे अधिवक्ताओं के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वे अधिवक्ता समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे और अधिवक्ताओं के सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता









