वाराणसी। दी बनारस बार एसोसिएशन वाराणसी के वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर प्रबंध समिति सदस्य पद के प्रत्याशी एडवोकेट राजीव कुमार सिंह ने अधिवक्ताओं के हितों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है।
एडवोकेट राजीव कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम जल्द से जल्द लागू होना चाहिए ताकि अधिवक्ताओं को कानूनी संरक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि नए अधिवक्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, चेंबर, वाई-फाई, लाइब्रेरी, बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं के लिए फ्री मेडिकल इंश्योरेंस, आयुष्मान हेल्थ कार्ड, तथा पेंशन योजना लागू की जानी चाहिए, जिससे युवा एवं वरिष्ठ दोनों वर्ग के अधिवक्ताओं को लाभ मिल सके। महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी विशेष कार्य किए जाने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर एडवोकेट राजीव कुमार सिंह को वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष सिंह (पूर्व उपाध्यक्ष, बनारस बार एसोसिएशन), महिला आपराधिक अधिवक्ता बिंदु सिंह, अरुण कुमार दुबे सहित कई अधिवक्ताओं का समर्थन प्राप्त हुआ। सभी ने एक स्वर में कहा कि राजीव कुमार सिंह अधिवक्ताओं के हित में सदैव सक्रिय रहे हैं और आगे भी उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
एडवोकेट राजीव कुमार सिंह ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे तथा बार को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता









