बलिया । अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गड़वार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा और थानाध्यक्ष गड़वार हितेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक अब्दुल हफीज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा मुकदमा अपराध संख्या 206/2026 से संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुकदमे से संबंधित कृष्णा चौहान उर्फ शेरु चौहान (27) पुत्र धर्मचन्द्र चौहान, निवासी पिण्डारी थाना मनियर, हाल पता नगरी पटखौली थाना सुखपुरा, बलिया को सरया गांव के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।





