Search
Close this search box.

वाराणसी: दिगपाल सिंह पर हमले के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव निवासी दिगपाल सिंह पर हुए जानलेवा हमले को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह घटना न केवल एक व्यक्ति पर हमला है, बल्कि कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है। ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 05.01.25 की सुबह लगभग 6 बजे, गांव के ही भोला राजभर, गुलाब राजभर, सुरेंद्र राजभर, जयगोविंद यादव, गोरख यादव, सुनिल यादव समेत 15-20 अज्ञात लोगों ने दिगपाल सिंह के घर पर जबरन घुसकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया।

हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर संजय सिंह, अमित सिंह और अनुराग सिंह को बेरहमी से पीटा, जिसमें संजय सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष द्वारा 112 नंबर पर पुलिस को कॉल किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावरों की भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में ही संजय सिंह को वैन से खींचकर दोबारा पीटा, जिससे वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए।

इसके बाद घायल को नरपतपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने जमीन को हड़पने की नीयत से हमला किया और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी।

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) समेत गंभीर धाराओं में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए और संजय सिंह के इलाज की व्यवस्था सरकारी खर्च पर कराई जाए। इस अवसर पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें