गाजीपुर, : केरल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर आनंदू अजी के साथ कथित यौन उत्पीड़न और आत्महत्या की घटना को लेकर आज गाजीपुर में कांग्रेस ने तीखा विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी, यूथ कांग्रेस समेत पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल के बयान और आरएसएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गाजीपुर के माध्यम से सौंपा, जिसमें दोषी आरएसएस पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
- केरल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर आनंदू अजी के साथ आरएसएस नेताओं द्वारा कथित यौन उत्पीड़न की उच्चस्तरीय जांच।
- भाजपा सांसद बृजलाल द्वारा खरवार और गोंड समाज के बारे में दिए गए भ्रामक बयान पर सार्वजनिक माफी और इस्तीफा।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा, “यह घिनौना कृत्य आरएसएस की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है।” यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने सवाल उठाया, “संघ का कैसा संस्कार है जो अब लड़कों का यौन उत्पीड़न कर रहा है?”
आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र ने सांसद बृजलाल के जातीय बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “गोंड और खरवार समाज प्रदेश के कई जिलों में मौजूद हैं और उनका सरकारी प्रमाणपत्र भी है। सांसद को अपने बयान के लिए समाज से माफी मांगनी चाहिए।”
पुलिस कार्रवाई
ज्ञापन सौंपने के बाद पुलिस ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, जिला महासचिव सतीश उपाध्याय, सेवादल जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और पीसीसी सदस्य सुमन चौबे को हिरासत में लिया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार दिया।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से AICC सदस्य रविकांत राय, सतीश उपाध्याय, सुमन चौबे, आशुतोष गुप्ता, जनक कुशवाहा, कुंदन खरवार, अरुण कुमार वर्मा, बिप्लॉब चंद, हामिद अली, श्याम नारायण सिंह कुशवाहा, मोहम्मद राशिद, विनोद सिंह, डॉ. ब्रह्मदेव खरवार, दिनेश खरवार, रामरतन खरवार, मारकंडे खरवार, अजय चंद चौबे, अखिलेश यादव, शशिभूषण राय, अरविंद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
ब्यूरोचीफ- संजय यादव









