Search
Close this search box.

गाजीपुर: मरदह बोगना गांव में पूर्व बीडीसी सदस्य पर जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल

गाजीपुर: मरदह स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोगना गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) बृजेश सिंह (उम्र 45 वर्ष) पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजेश सिंह, पुत्र स्व. दीना सिंह, अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित बाजार में खरीदारी करने गए थे। जैसे ही वे बाइक से उतरकर उसे खड़ा कर रहे थे, उसी समय गांव का ही मनोज चौहान (उम्र 42 वर्ष) पहले से घात लगाए मौजूद था। उसने अचानक धारदार हथियार से बृजेश सिंह पर कई वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मरदह भिजवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि,”घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने पर हम उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।” फिलहाल पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहनता से छानबीन जारी है। ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष और भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

और पढ़ें