Search
Close this search box.

वाराणसी: ट्रामा सेंटर में बाउंसर की बदतमीजी, सपा कार्यकर्ता से अभद्रता के खिलाफ एफआईआर की मांग

वाराणसी: बीएचयू ट्रामा सेंटर में तैनात एक बाउंसर द्वारा समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सागर यादव से अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। घटना 23 जून 2025 की रात करीब 8 बजे की है, जब सागर यादव अपने परिचित मरीज को देखने ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि मुख्य द्वार पर ड्यूटी में तैनात बाउंसर ने सागर यादव के गले में पड़े समाजवादी पार्टी के लाल गमछे को देखकर उन्हें अंदर जाने से रोका और उनके साथ गाली-गलौज एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया।

लंका थाने में दी गई तहरीर

इस घटना को लेकर आज समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने लंका थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को लिखित तहरीर सौंपकर दोषी बाउंसर पर एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। तहरीर अमन यादव के नेतृत्व में दी गई, जिसमें राधेश्याम यादव, संदीप यादव, पप्पू यादव, अमन कुमार और दीपक जैसे सपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

लगातार मिल रहे हैं दुर्व्यवहार के आरोप

सपा नेताओं का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले छह महीनों में ट्रामा सेंटर के बाउंसरों पर डॉक्टरों, मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के कई मामले सामने आ चुके हैं। ट्रामा सेंटर जैसे संवेदनशील संस्थान में इस तरह की अराजकता बेहद निंदनीय और शर्मनाक है।

सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

समाजवादी पार्टी ने इस मामले में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं, जिसमें दोषी बाउंसर को तत्काल निलंबित किया जाए, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, ट्रामा सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था को मर्यादित और जवाबदेह बनाया जाए। वहीं पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

    Leave a Comment

    और पढ़ें