गाजीपुर । जनपद के भांवरकोल थाना परिसर में होली पर्व के उपलक्ष्य में होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी संतोष कुमार राय के नेतृत्व में थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह में क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को होली पर्व की बधाई देते हुए कहा कि होली का त्योहार प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने सभी पुलिसकर्मियों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे के साथ होली खेली और उत्साहपूर्वक इस पर्व का आनंद लिया। समारोह के दौरान थाना परिसर का माहौल पूरी तरह से होली के रंगों में रंगा नजर आया।
इस मौके पर पुलिसकर्मियों के बीच आपसी सहयोग और भाईचारे का भाव देखने को मिला। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि आगामी होली पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर होली की बधाई दी और क्षेत्र में शांति, सद्भाव तथा खुशहाली की कामना की। समारोह में थाने के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर










