बलिया। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बलिया जनपद के नगरा कस्बे में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर आक्रोश जताया तथा बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
मशाल जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “बांग्लादेश की तीन दवाई—बम, राफेल और मिसाइल” जैसे नारे लगाए और अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो मानवता के खिलाफ अपराध है।
विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपचंद्र दास को झूठे ईशनिंदा के आरोप में सरेआम घसीटकर जिंदा जला दिया गया। इसके अलावा 6 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या, एक बच्ची को उसके पूरे परिवार समेत जिंदा जलाए जाने और हिंदू गांवों को जलाकर नष्ट किए जाने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जो अत्यंत निंदनीय हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे इन अत्याचारों को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।
बलिया ब्यूरो – अवधेश यादव









