Search
Close this search box.

रेलवे इंटर कॉलेज में स्काउट–गाइड की 7वीं जिला रैली का मंडल रेल प्रबंधक ने किया उद्घाटन, 400 से अधिक प्रतिभागी हुए शामिल

चन्दौली/डीडीयू नगर: पूर्व मध्य रेल भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ, डीडीयू के तत्वावधान में रेलवे इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय 7वीं जिला रैली का भव्य शुभारंभ मंगलवार की शाम किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष स्काउट गाइड–डीडीयू श्री उदय सिंह मीना ने गुब्बारे उड़ाकर एवं रैली के लोगो का अनावरण कर किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने स्काउट–गाइड आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि “मंडल में जब भी वॉलंटियर्स की बात आती है, सबसे पहला नाम स्काउट एवं गाइड का ही आता है।” उन्होंने कहा कि यह संस्था अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है तथा हर परिस्थिति में सेवा के लिए तत्पर रहती है।

कार्यक्रम में मुख्य जिला आयुक्त सह अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार, जिला आयुक्त स्काउट व मंडल कार्मिक अधिकारी उज्ज्वल आनंद तथा जिला आयुक्त गाइड व वरीय मंडल अभियंता स्वाति राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में उज्ज्वल आनंद ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्वाति राज द्वारा प्रस्तुत किया गया। बच्चों द्वारा स्वागत गीत, कविताएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया।

इस पाँच दिवसीय रैली में करीब 400 स्काउट–गाइड, रोवर–रेंजर एवं उनके लीडर भाग ले रहे हैं। आगामी दिनों में कैम्प फायर, टेंट पिचिंग, पायनियरिंग, बिना बर्तन के भोजन निर्माण, लोकनृत्य, रंगोली, इकबाना और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

यह रैली न केवल स्काउट–गाइड गतिविधियों को सशक्त बनाने का माध्यम है, बल्कि प्रतिभागियों को नेतृत्व, सहयोग और सांस्कृतिक आदान–प्रदान का अवसर भी प्रदान कर रही है।

ब्यूरो: संजय शर्मा

Leave a Comment

और पढ़ें