चन्दौली: विद्यार्थियों को भविष्य की दिशा देने और करियर विकल्पों की जानकारी देने के उद्देश्य से ‘द’ गुरुकुलम स्कूल डीडीयू नगर में सोमवार को एक प्रेरणादायक करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को समाजसेवा, हॉस्पिटैलिटी, प्रतियोगी परीक्षाएं और समय प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंशुमान देव गुप्ता, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के लाइफ मेंबर एवं लायंस क्लब इंटरनेशनल के सक्रिय सदस्य रहे। उन्होंने छात्रों को जीवन में मेहनत, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रेरक विचार साझा करते हुए कहा, “सफलता के लिए आत्मविश्वास और सही दिशा दोनों ही अनिवार्य हैं।”
सत्र में Career Valley संस्था से आईं विशेषज्ञ दिव्या और कीर्ति ने विभिन्न करियर विकल्पों, कोर्स चयन, रुचि आधारित निर्णय, तथा समय प्रबंधन जैसे विषयों पर गहन जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनें, जिससे उन्हें दीर्घकालीन संतुष्टि और सफलता मिल सके।
इस अवसर पर IIHM (इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट) से पधारे करमवीर ने हॉस्पिटैलिटी और वैश्विक करियर अवसरों पर चर्चा करते हुए बताया कि यह क्षेत्र युवाओं के लिए लगातार नए और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रस्तुत कर रहा है।
वहीं कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा “ऐसे काउंसलिंग सत्र छात्रों के आत्मविकास और करियर निर्धारण में अत्यंत सहायक होते हैं। इससे छात्रों को अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्टता और आत्मविश्वास मिलता है।”









