Search
Close this search box.

वाराणसी: शारदीय नवरात्र के लिए नगर निगम ने तैयारियां पूरी, पर्यावरण के प्रति जागरूकता पर दिया जोर

वाराणसी: शारदीय नवरात्र के मद्देनजर नगर निगम ने इस बार पूजा पंडालों और विसर्जन व्यवस्थाओं की पूरी तैयारी कर रखी है। मीडिया से बातचीत में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि सभी जोनल अधिकारियों द्वारा पंडालों का निरीक्षण किया जा चुका है और आयोजकों के साथ संवाद कर पंडालों में पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इस बार पंडालों में इको-फ्रेंडली मूर्तियों के प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है और हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा, आगंतुकों को प्लास्टिक उपयोग न करने के लिए जागरूक किया जाएगा और बायोडिग्रेडेबल बैग्स के माध्यम से कचरे का सही निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि पंडालों के रास्तों में लाइट और सफाई व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि नालियों और सीवर में पानी और कचरा न बहे। इसके साथ ही 7-8 चिन्हित स्थलों पर मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा, जहां नगर निगम की टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी। मूर्तियों के विसर्जन के 24 घंटे के भीतर उनका पूरी तरह से निस्तारण किया जाएगा।

अक्षत वर्मा ने आश्वासन दिया कि इस बार पवित्र कुंडों में मूर्ति विसर्जन नहीं होगा, केवल अस्थाई कुंडों का उपयोग होगा और पर्यावरण संरक्षण का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें