Search
Close this search box.

गाजीपुर: चचेरा भाई ही निकला कातिल, ईंट से कूंचकर की नृशंस हत्या, पत्नी के संदेह ने खोला राज

गाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र के मुगलानी चक में बगीचे में मिली युवक की सिर कूंची हुई लाश के मामले का पुलिस ने 24 घंटों के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही चचेरे भाई ने की थी। यह वही व्यक्ति था, जिस पर मृतक की पत्नी ने शुरुआत में ही शक जताया था।

गांव निवासी बहादुर बिंद की लाश बगीचे में बरामद हुई थी। उसकी हत्या बड़ी ही बेरहमी से ईंट से सिर कुचलकर की गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पत्नी के संदेह से खुली हत्या की परतें

मृतक की पत्नी कविता अपने पति को खोजते हुए रात में ही देवर रोशन बिंद के घर पहुंची। कव‍िता को देखकर रोशन के हावभाव बदल गए, जिससे उसे शक हुआ। जब वह आगे बढ़ी तो उसने देखा कि रोशन के गले पर नाखूनों के खरोंच मौजूद हैं।

कविता ने उसका मोबाइल लेने का प्रयास किया तो उसने फोन छीनते हुए कहा कि उसका बहादुर से विवाद हुआ था, जिसके बाद बहादुर वहां से चला गया। इसी घटना ने शक को गहरा कर दिया और परिजनों ने रोशन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।

गिरफ्तारी और कबूलनामा

पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी रोशन बिंद को मीरनपुर सक्का के पास से भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

रोशन ने पुलिस को बताया कि किसी विवाद को लेकर उसने ही बहादुर पर हमला किया और ईंट से कूंचकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने बहादुर का मोबाइल तोड़ दिया और सिम निकालकर फेंक दिया।

पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद की और उसे जेल भेज दिया। इस बर्बर हत्या और पारिवारिक विश्वासघात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

ब्यूरोचीफ– संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें