Search
Close this search box.

गाजीपुर: स्कूली वाहनों व ई-रिक्शा पर सख्ती, हिट एंड रन मामलों में जागरूकता पर जोर

गाजीपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

हिट एंड रन मामलों में त्वरित निस्तारण के निर्देश

बैठक में हिट एंड रन मामलों को लेकर विशेष चिंता जताई गई। पुलिस विभाग को जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यशालाओं के आयोजन तथा पीड़ितों को परिवहन विभाग में आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अनिवार्य

जिलाधिकारी ने कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता वीडियो अनिवार्य रूप से चलाने के निर्देश दिए। वित्तविहीन एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में भी इन आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन पर ज़ोर दिया गया।

स्कूल वाहनों की संयुक्त जांच

जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं सहायक सम्भागीय अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से स्कूल आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जाएगी। नियमों के उल्लंघन जैसे बिना हेलमेट, दो से अधिक सवारी आदि के फोटो संबंधित विद्यालयों को भेजे जाएंगे, जिसके आधार पर विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों को नोटिस जारी करेगा।

ई-रिक्शा व छोटे वाहनों पर कड़ा नियंत्रण

ई-रिक्शा एवं अन्य छोटे वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को न ले जाने के सख्त निर्देश दिए गए। उल्लंघन की स्थिति में अभिभावकों को सूचित कर बच्चों के सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

गोल्डन ऑवर व राहवीर योजना का व्यापक प्रचार

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने हेतु आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। राहवीर योजना के तहत घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 पुरस्कार दिए जाने की जानकारी भी साझा की गई।

स्लीपर बसों व हाईवे सुरक्षा पर सख्ती

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को जनपद में संचालित सभी स्लीपर बसों का अनिवार्य निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जिन बसों में प्रवेश एवं निकासी द्वार नहीं पाए जाएंगे, उन्हें तत्काल सीज करने के आदेश दिए गए।

जाम और ब्लैक स्पॉट पर कार्रवाई

एनएचएआई वाराणसी एवं लोक निर्माण विभाग को सैदपुर-सादात मार्ग पर लग रहे जाम से जनता को राहत दिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ब्लैक स्पॉट और हाई रिस्क कॉरिडोर चिन्हित कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

अवैध कटों व ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर FIR

वाराणसी–गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर बने अवैध कटों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल फोन का उपयोग तथा नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए।

बैठक में रहे मौजूद

बैठक का संचालन लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनुराग यादव ने किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, एनएचएआई, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं बस/ट्रक यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें