गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के कहोतरी गाँव में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम निवासी सुधीर यादव के साथ कस्टमर केयर के नाम पर साइबर फ्रॉड कर लगभग ₹1,50,987 की रकम उड़ा ली गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने अपने कैंट RO से संबंधित समस्या के लिए इंटरनेट पर उपलब्ध टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया था। कॉल कटने के कुछ ही देर बाद उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताते हुए मशीन जांच के लिए 5 रुपये सर्विस चार्ज फोनपे से भुगतान करने को कहा।
पीड़ित को भनक भी नहीं लगी और इसी प्रक्रिया के दौरान ठगों ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उसके खाते से कुल ₹1,50,987 की राशि साफ कर दी। कुछ ही मिनटों में मामूली सर्विस चार्ज के नाम पर बड़ी ठगी को अंजाम दे दिया गया। राशि कटने का एहसास होते ही पीड़ित सुधीर यादव सीधे थाना बिरनो पहुंचे और घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड के इस प्रकरण में जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि गूगल पर दिखने वाले कस्टमर केयर नंबरों पर बिना पुष्टि किए विश्वास न करें और किसी भी अनजान कॉल पर भुगतान संबंधी जानकारी साझा न करें।
ब्यूरोचीफ – संजय यादव









