गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सेक्टर 57 से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 25 वर्षीय राधिका यादव के रूप में हुई है, जो कि एक स्टेट और नेशनल लेवल की टेनिस खिलाड़ी रह चुकी थी और फिलहाल अपनी टेनिस एकेडमी चला रही थी।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब राधिका अपने घर की रसोई में काम कर रही थी। तभी उसके पिता दीपक यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से उसे पीठ पीछे से तीन गोलियां मार दीं। राधिका को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के पीछे की वजह
आरोपी दीपक यादव ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। पूछताछ में उसने बताया कि गांव के लोग उसे ताना मारते थे कि वह अपनी बेटी की कमाई पर निर्भर है। दीपक को बेटी के सोशल मीडिया पर रील्स बनाना और एकेडमी चलाना पसंद नहीं था। उसने कई बार राधिका से यह सब बंद करने को कहा, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो यह गुस्सा धीरे-धीरे मानसिक तनाव में बदल गया।
दीपक का कहना है कि गांववालों की बातों से वह अंदर ही अंदर टूट चुका था और उसी मानसिक दबाव में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
घर में मौजूद थी सिर्फ मां
वारदात के समय घर में सिर्फ दीपक, उसकी बीमार पत्नी मंजू और राधिका ही मौजूद थे। मंजू ने बताया कि उसने सिर्फ गोली चलने की आवाज सुनी, घटना को होते हुए नहीं देखा। शुरुआती तौर पर परिवार ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और आत्महत्या का मामला बताया, लेकिन सख्त पूछताछ और सबूतों के आधार पर आखिरकार दीपक ने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली है। गुरुग्राम के सेक्टर 56 थाने के अनुसार, आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहराई से जांच जारी है।
दीपक यादव के भाई कुलदीप यादव द्वारा पुलिस में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। कुलदीप ने बताया कि वह ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, जबकि दीपक और उसका परिवार फर्स्ट फ्लोर पर। उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो राधिका खून से लथपथ हालत में पड़ी थी
नेशनल प्लेयर थी राधिका
राधिका यादव टेनिस की एक होनहार खिलाड़ी थीं। चोट लगने के कारण उन्होंने पेशेवर खेल से संन्यास ले लिया था और उसके बाद अपनी टेनिस एकेडमी की स्थापना की थी। वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं और युवाओं को प्रशिक्षित कर रही थीं।










