हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान (राज्यमंत्री स्तर) एवं महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह चौहान बुधवार को जनपद हरदोई के भ्रमण पर रहेंगी। इस दौरान वे महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की समीक्षा करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष सुबह 9 बजे बटलर पैलेस, डालीबाग लखनऊ से प्रस्थान कर सुबह 11 बजे स्थानीय गेस्ट हाउस हरदोई पहुंचेंगी। यहां महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, अल्पसंख्यक कल्याण, उद्योग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, पंचायती राज, कौशल विकास, परिवहन तथा मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित महिलाओं से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
इसके साथ ही राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्य जनपद में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की भी समीक्षा करेंगी। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक अथवा नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष एवं संबंधित क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, नोडल अधिकारी की नामितीकरण तथा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
रिपोर्ट- ओमजीत यादव









