झांसी में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिव कुमार निषाद की पत्नी नीलू रायकवार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके फ्लैट के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना फ्रेंड्स कॉलोनी, ग्वालियर रोड की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नीलू रायकवार का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पिछले दो वर्षों से अलग रहकर उसी फ्लैट में अकेली रह रही थीं। बुधवार सुबह जब फ्लैट से कोई हलचल नहीं हुई, तो मकान मालिक को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां नीलू का शव पंखे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका की मां ने अपने दामाद शिव कुमार निषाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं निषाद पार्टी के स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ले रहे हैं।









