वाराणसी: विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा बरेका रेलवे सुरक्षा बल में 28 वर्षों तक सेवा देने के उपरांत सेवानिवृत्त हुए मदन मोहन शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह गुरुवार को हनुमान मंदिर प्रांगण, बरेका में आयोजित किया गया, जहां परिषद के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
मदन मोहन शर्मा, जिन्होंने 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्ति ग्रहण की, ने अपने कुल 38 वर्षों के सेवाकाल में 28 वर्ष बरेका वाराणसी और 10 वर्ष बरेली में रेलवे सुरक्षा बल में सेवाएं दीं। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा “रेलवे में अब तक सेवा देता रहा, अब आगे समाज सेवा और मानव कल्याण को समर्पित रहूंगा। यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है।”
अनुकरणीय सेवाओं का सम्मान
राष्ट्रीय मंत्री कृष्णा पांडेय ने श्री शर्मा की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि “उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति पूरे विभाग के लिए प्रेरणा है। ऐसे कर्मठ अधिकारी समाज की पूंजी होते हैं।”
प्रदेश संगठन मंत्री राजेश मौर्या ने कहा “श्री शर्मा की कार्यशैली ने रेलवे सुरक्षा बल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। अनुशासन और सुरक्षा के प्रति उनका समर्पण अविस्मरणीय है।”
कार्यक्रम में परिषद के अनेक पदाधिकारी, रेलवे स्टाफ और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें राष्ट्रीय मंत्री- कृष्णा पांडेय, प्रदेश संगठन मंत्री: राजेश मौर्या, जिला उपाध्यक्ष: अखिलेश कुमार, जिला मंत्री (एडवोकेट): मनोज कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष: अंकुर राय, जितेंद्र सिंह, पंकज मिश्रा, सुनील त्रिपाठी, ओम प्रकाश मौर्या, शंकर मौर्या, लालबाबू, उमेश पांडेय, राहुल सिंह, अवधेश झा, रवि प्रकाश शुक्ला, सीपी शुक्ला आदि।









