Varanasi: महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सारनाथ और वरुणापार जोन में जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अतिक्रमण, नामांतरण, जलकल और राजस्व से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। महापौर ने अधिकारियों को तत्काल समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने छठ पूजा की तैयारी भी देखी।

सारनाथ जोन में सुबह 10 बजे शुरू हुई जन चौपाल में लगभग 55 नागरिकों ने हिस्सा लिया। सीवर, पेयजल, और सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। महापौर ने इन शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद, वरुणापार जोन में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें पांच लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। इनमें अतिक्रमण, नामांतरण, जलकल, और राजस्व से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। एक शिकायत का समाधान मौके पर ही किया गया। शेष पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इसके बाद महापौर ने अस्सी घाट का निरीक्षण किया, जहां सफाई के लिए 500 कर्मचारियों को लगाया गया है। महापौर ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन जल्द से जल्द ठीक किया जाए ताकि पर्व के दौरान रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
शंकुलधारा तालाब और दुर्गाकुंड का भी निरीक्षण किया गया, जहां जेसीबी से मिट्टी हटाने का काम जारी है। शिवाला स्थित कूड़ाघर का निरीक्षण कर महापौर ने अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य को निर्देश दिया कि कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण और जनचौपाल के दौरान अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय, जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद और जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








