मिर्जापुर। शासन के निर्देशों के अनुपालन एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत जनपद में शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।

अभियान के दौरान जेंडर इक्विटी, लैंगिक शोषण की रोकथाम, साक्षरता दर में वृद्धि, बाल विवाह की रोकथाम और महिलाओं-बच्चों के प्रति हिंसा रोकने जैसे गंभीर मुद्दों पर समाज को जागरूक किया गया। विभागीय योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु लोगों से सहयोग की अपील की गई।
जे.सी. कन्या इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम
मिशन शक्ति-5.0 के तहत सोशल मीडिया कैम्पेन व स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जे.सी. कन्या इंटर कॉलेज में महिला कल्याण विभाग एवं हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान शालिनी देवी एवं दिव्या जायसवाल ने बालिकाओं को सेफ टच-अनसेफ टच, लिंगानुपात, बाल विवाह, साक्षरता दर और महिलाओं व बच्चों के प्रति हिंसा की रोकथाम पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों —
1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन),
1090 (वूमेन पावर लाइन),
181 (महिला हेल्पलाइन),
1098 (चाइल्डलाइन),
101 (अग्निशमन सेवा),
1930 (साइबर हेल्पलाइन),
102 (गर्भवती महिलाओं हेतु एंबुलेंस),
108 (एंबुलेंस सेवा),
112 (पुलिस आपात सेवा)
— के बारे में विस्तार से बताया गया।
ग्राम पंचायतों में रैली व अभियान
ग्राम पंचायतों में भी महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
- ग्राम मवैया, देवरिया व सुरहा में साइकिल रैली व सफाई अभियान चलाया गया।
- बरैनी, मझंवा ब्लॉक में महिला जागरूकता साइकिल रैली को खंड विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
- सीखड़ ब्लॉक में कक्षा-6 की छात्रा रिमी विश्वास को एक दिन का खंड विकास अधिकारी बनाया गया।
- कंपोजिट स्कूल मवैया देवीधाम में बच्चों द्वारा साइकिल रैली निकाली गई।
- ग्राम लेड़ू में मिशन नारी शक्ति कार्यक्रम के तहत नवरात्र के अवसर पर बच्चों ने माँ दुर्गा के नौ रूपों की शानदार प्रस्तुति दी।
इन कार्यक्रमों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय भागीदारी रही। जिला प्रशासन ने कहा कि मिशन शक्ति-5.0 का उद्देश्य समानता, सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देकर समाज को अधिक सशक्त और प्रगतिशील बनाना है।








