मुरादाबाद: जिले के पाकबड़ा इलाके में स्थित जामिया असानुल बनात गर्ल्स मदरसा पर एक गंभीर और आपत्तिजनक आरोप सामने आया है। चंडीगढ़ निवासी मोहम्मद यूसुफ ने आरोप लगाया कि उनकी 13 साल की बेटी को अगली कक्षा में प्रवेश दिलाने के लिए मदरसा प्रबंधन ने ‘वर्जिनिटी (मेडिकल) टेस्ट’ कराने की शर्त रखी।
परिजनों का कहना है, “हमें कहा गया कि बेटी का मेडिकल टेस्ट कराओ, तभी एडमिशन मिलेगा। जब हमने मना किया, तो टीसी देने की धमकी दी गई।” परिजनों ने पुलिस को दस्तावेज़ सौंपा, जिसमें मेडिकल टेस्ट कराने की शर्त का उल्लेख था। उनका कहना है कि इस तरह की मांग बच्ची के मानसिक और शारीरिक अधिकारों का उल्लंघन है।
वहीं मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मदरसा प्रबंधन से स्थिति की स्पष्ट जानकारी लेने में जुटी हैं।









