Search
Close this search box.

गाजीपुर: महादेवा सोमेश्वर नाथ धाम में दीपों का सागर, 51 हजार दीपों से जगमगाई देव दीपावली

गाजीपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार की शाम मुहम्मदाबाद के महादेवा सोमेश्वर नाथ धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। चारों ओर “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंजते माहौल में मंदिर परिसर 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

भक्तों ने पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ दीप प्रज्वलित कर भगवान भोलेनाथ के चरणों में प्रकाश अर्पित किया। मंदिर प्रांगण, गलियों और घाटों तक फैली दीपमालिका ने ऐसा दृश्य रचा मानो काशी की देव दीपावली का स्वरूप महादेवा धाम में उतर आया हो।

संध्या आरती के समय घंटे-घड़ियालों की मधुर ध्वनि, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण वातावरण शिवमय हो गया। महिलाएँ दीप जलाकर भगवान शिव, माता पार्वती और समस्त देवगणों से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती नजर आईं।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती। कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर अपने दल-बल के साथ लगातार चक्रमण करते रहे। पुलिसकर्मी और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

दीपों की अनगिनत पंक्तियों से नहाया सोमेश्वर नाथ धाम भक्तिभाव का सजीव प्रतीक बन गया। हर ओर से उठते जयकारों और दीपों की झिलमिल रोशनी ने वातावरण को अलौकिक और दिव्य आभा से भर दिया।

भक्तों ने भावविभोर होकर कहा “जहाँ भक्तिभाव और समर्पण है, वहीं सच्ची देव दीपावली है।” इस भव्य आयोजन ने न केवल नगर को आलोकित किया, बल्कि लोगों के हृदयों में श्रद्धा, शांति और नई ऊर्जा का संचार भी किया।

ब्यूरोचीफ – संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें