वाराणसी: दी बनारस बार एसोसिएशन, वाराणसी के वार्षिक चुनाव 2026 को लेकर चुनावी माहौल तेज हो गया है। महामंत्री पद के प्रत्याशी एडवोकेट अभिषेक कुमार राय ने अधिवक्ताओं के हितों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुविधाएं और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगी।
एडवोकेट अभिषेक कुमार राय ने कहा कि अधिवक्ताओं के बैठने के लिए उचित और व्यवस्थित चेंबर की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही कचहरी परिसर में लाइब्रेरी, बिजली, स्वच्छ पेयजल, नियमित सफाई एवं वाई-फाई सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए, जिससे अधिवक्ता बेहतर तरीके से अपने कार्य कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि अधिवक्ताओं के लिए मुफ्त मेडिकल स्वास्थ्य सेवाएं, फ्री मेडिकल इंश्योरेंस, ₹10,000 मासिक पेंशन की व्यवस्था, वरिष्ठ एवं उम्रदराज अधिवक्ताओं के लिए भारत सरकार द्वारा पेंशन व स्वास्थ्य सुविधा जैसी योजनाएं लागू होनी चाहिए।
एडवोकेट अभिषेक कुमार राय ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (Advocate Protection Act) जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए, ताकि अधिवक्ताओं को निर्भीक होकर न्यायिक कार्य करने का अधिकार मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वे अधिवक्ताओं के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे, उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे और अधिवक्ता समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
अंत में उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं को सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं से युक्त मजबूत भविष्य देना है।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता










