गाजीपुर। स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत भड़सर गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में रामलीला कमेटी और दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य रामलीला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जंगीपुर के विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव मुख्य अतिथि और सांसद अफजाल अंसारी के प्रतिनिधि बलराम पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रामलीला कमेटी ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का माला पहनाकर व भगवान राम की तस्वीर देकर स्वागत एवं सम्मान किया।

मुख्य अतिथि डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि भगवान राम के चरित्र से प्रेरणा लेकर हमें अपने आप को सकारात्मक रूप से बदलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम ने सभी समाज के लोगों के साथ मिलकर लंका पर विजय प्राप्त की, उसी तरह समाज के सभी वर्गों को मिलकर बुराइयों पर विजय पाना चाहिए।

कार्यक्रम में कलाकारों ने राम और सुग्रीव की मित्रता, जटायु द्वारा सीता माता के हरण की सूचना देने तथा सुग्रीव की पत्नी को बाली से मुक्ति दिलाने की लीला का मंचन किया। दर्शक इस भव्य प्रस्तुति को देखकर भाव विभोर हो गए।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष अरविंद पटेल, विनोद पटेल, अनिल पटेल, सुरेंद्र खरवार, संतोष खरवार, बाढ़ू पटेल, रामप्रवेश सिंह, रोहित सिंह रानू, डॉ. अक्षय कुमार सिंह, विपिन चौरसिया, कमला पाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।











