गाजीपुर। गाजीपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (GCDA) द्वारा जनपद स्तरीय “सभा महासम्मेलन 2026” का भव्य आयोजन कान्हा हवेली, महुआबाग में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गाजीपुर के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आनंद मिश्रा रहे। मुख्य अतिथि का माला, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री राकेश त्रिपाठी ने किया।
महासम्मेलन में एसोसिएशन के अध्यक्ष नागमणि मिश्रा, महामंत्री बृजेश पाण्डेय, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र नाथ यादव, संयुक्त मंत्री देवेंद्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष बृज किशोर, चेयरमैन कृष्ण मुरारी केडिया एवं संरक्षक राजेश राय मंचासीन रहे। सभी पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान जिले एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकारिणी व क्षेत्रीय पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही पिछले वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर में सहभागिता करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) आनंद मिश्रा ने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य दवा व्यापारियों की सेवाभावी और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
महासम्मेलन में संस्था की वित्तीय पारदर्शिता पर विशेष चर्चा हुई। महामंत्री बृजेश पाण्डेय ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। ऑडिटर ज्योति भूषण द्वारा प्रस्तुत ऑडिट रिपोर्ट को सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
दवा व्यापारियों की समस्याओं पर आयोजित विशेष सत्र में अध्यक्ष नागमणि मिश्रा ने शेड्यूल H, H1 एवं नारकोटिक दवाओं की बिक्री में नियमों के पालन, फार्मासिस्ट की अनिवार्य उपस्थिति, दवाओं के सुरक्षित भंडारण और कोल्ड चेन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। व्यापारियों की सुविधा के लिए GCDA द्वारा विशेष रूप से तैयार शेड्यूल H1 रजिस्टर का वितरण भी किया गया।
महासम्मेलन 2026 में यह संकल्प लिया गया कि भविष्य में विधिक सुगमता के लिए आवश्यक रजिस्टर व प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, व्यापारियों की तकनीकी व लाइसेंस संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु हेल्पलाइन डेस्क (7398869993) सक्रिय रहेगी और नशीली दवाओं के अवैध व्यापार के विरुद्ध प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
ब्यूरो चीफ, गाजीपुर
संजय यादव









