Varanasi: भेलूपुर पानी टंकी के पास होटल निर्माण के लिए बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हालांकि, घटना के बाद अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। हादसे के बाद ठेकेदार मृत और घायल मजदूरों को लेकर वाराणसी से चंदौली भी चला गया। पुलिस तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।
भेलूपुर पानी टंकी के पास होटल निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा था। उसी दौरान मिट्टी ढह गई। इसमें 11 मजदूर दब गए। मिर्जापुर के अदलहाट थाना के कौआसाथ गांव निवासी मजदूर बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मिर्जापुर निवासी मजदूर प्रकाश की मौत चंदौली के गोधना स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को हो गई। एक अन्य मजदूर चंदौली के अलीनगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मजदूरों के परिजनों की ओर से घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।









