उन्नाव। रायबरेली जनपद के बछरावां क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय महिला ने प्रेमी और उसके परिजनों पर मारपीट व अपमानित करने का आरोप लगाया है। आहत होकर महिला ने तालाब में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, महिला का पांच वर्ष पूर्व लखनऊ निवासी युवक से निकाह हुआ था। कुछ समय बाद विवाद होने पर वह मायके में रहने लगी। इस बीच उसकी जान-पहचान पुरवा कस्बे के एक युवक से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
16 सितंबर को युवक मुंबई से लौटते वक्त महिला को उन्नाव रेलवे स्टेशन बुलाकर अपने साथ पुरवा कस्बे स्थित घर ले गया। आरोप है कि घर पहुंचते ही युवक के परिजनों ने महिला के साथ मारपीट की और विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया। इस दौरान युवक ने भी चुप्पी साधे रखी।
अपमानित महिला शीतलगंज स्थित पक्का तालाब पहुंची और उसमें कूद गई। ग्रामीणों ने समय रहते उसे बचा लिया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि महिला ने अपने बयान में प्रेमी और उसके परिजनों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी उसके पति और मायके पक्ष के लोगों को दी गई है। स्वजन के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











