Search
Close this search box.

वाराणसी: बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह साइकिल से कार्यालय पहुँचे, दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आज एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने आवास से साइकिल चलाकर बरेका कर्मशाला और प्रशासनिक भवन स्थित कार्यालय पहुँचे। इस पहल के ज़रिए उन्होंने बरेका परिवार को एक सशक्त संदेश दिया “स्वस्थ रहें, पर्यावरण बचाएं।”

सुबह जब श्री सिंह पारंपरिक वाहन के बजाय साइकिल से कार्यस्थल पहुँचे, तो कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच आश्चर्य और उत्साह का वातावरण बन गया। कर्मशाला में उन्होंने रेल इंजन निर्माण की प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया और तकनीकी कार्यों पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति सजगता का संदेश

निरीक्षण उपरांत महाप्रबंधक पुनः साइकिल से प्रशासनिक भवन पहुँचे। इस पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का संदेश दिया, बल्कि प्रदूषण-मुक्त परिवहन की आवश्यकता पर भी बल दिया।

“साइकिल चलाना सिर्फ व्यायाम नहीं, एक सकारात्मक जीवनशैली का प्रतीक है” – नरेश पाल सिंह

महाप्रबंधक श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा “छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके हम बड़े सामाजिक और पर्यावरणीय परिवर्तन ला सकते हैं। साइकिल चलाना केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह हमारे जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।”

कर्मचारियों में भी दिखा उत्साह और प्रतिबद्धता

महाप्रबंधक की इस पहल की पूरे बरेका परिसर में सराहना की गई। कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे अनुकरणीय कदम बताते हुए कहा कि यह न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह संगठन की कार्य संस्कृति को भी सकारात्मक दिशा में प्रभावित करेगा। कुछ अधिकारियों ने मौके पर ही यह संकल्प लिया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन वे भी साइकिल से कार्यालय आएंगे।

एक पहल, अनेक संदेश

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की यह पहल केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि यह बरेका को स्वस्थ, हरित और सतत जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का एक सशक्त प्रयास है। इसने कार्यस्थल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है, जो आने वाले समय में संगठन की उत्पादकता और प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें