वाराणसी। थाना मंडुवाडीह पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 24 अदद पीली धातु की घड़ियां, एक पीली धातु की चेन, आला नकब, 1580 रुपये नकद तथा एक स्कूटी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चोरी, लूट एवं नकबजनी की घटनाओं के सफल अनावरण तथा वांछित/फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। अभियान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियाँ के कुशल नेतृत्व में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत अंजाम दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर थाना मंडुवाडीह पुलिस ने दिनांक 08 जनवरी 2026 को प्रातः लगभग 05:45 बजे नाथपुर क्रॉसिंग गेट के पास से वांछित अभियुक्त बलराम मिश्रा उर्फ कल्लू मिश्रा पुत्र संतोष मिश्रा, निवासी ग्राम नियार, थाना चोलापुर (वर्तमान पता—ग्राम चुरामनपुर, थाना लोहता), कमिश्नरेट वाराणसी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त थाना मंडुवाडीह में पंजीकृत मु0अ0सं0 006/2026, 011/2026, 012/2026 (धारा 303(2) बीएनएस) एवं मु0अ0सं0 354/2025 (धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस) से संबंधित वांछित था।
अभियुक्त के कब्जे से 24 पीली धातु की घड़ियां, 01 पीली धातु की चेन, गलाया हुआ सफेद धातु, 01 लोहे का कटर, 1580 रुपये नकद तथा 01 स्कूटी बरामद की गई। थाना मंडुवाडीह पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।









